ग्वालियर के डबरा शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मोमोज बेचने वाले एक ठेलेवाले के साथ मारपीट की घटना हुई। यह घटना रेलवे स्टेशन के पास स्थित चौपाटी की है, जहां पीड़ित दुकानदार रवि बाथम रोजाना मोमोज का ठेला लगाता है।
वीरेंद्र रावत और उनके एक साथी ठेले पर मोमोज खाने आए। जब वे मोमोज खाकर पैसे दिए बिना जाने लगे, तो दुकानदार रवि ने उनसे मोमोज के पैसे मांगे। इस पर दोनों आरोपियों ने गुस्से में आकर रवि पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी।
घटना के दौरान कई लोग इकट्ठा हुए, लेकिन बदमाश टाइप के बताए गए इन आरोपियों के डर से कोई भी बीच-बचाव करने आगे नहीं आया। हालांकि, कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद डबरा सिटी पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया। पीड़ित रवि बाथम की शिकायत पर वीरेंद्र रावत और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
