स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और उसमें आवश्यक सुधार लाने के लिए शुक्रवार को निगम आयुक्त आशीष पाठक ने साइकिल पर सवार होकर व्यवस्था का निरीक्षण किया। वे अधिकारियों के साथ झोन क्रमांक 5 के वार्डों का भ्रमण करने निकले। इस दौरान उन्होंने झोन कार्यालयों की सफाई व्यवस्था पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया और कई नए निर्देश जारी किए।
आयुक्त ने मुख्य मार्गों और व्यस्ततम क्षेत्रों में हो रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने आदेश दिया कि सड़कों पर आवारा मवेशी न दिखें। जहां भी आवारा मवेशी नजर आएं, उन्हें पकड़कर गौशाला भेजा जाए। अवैध रूप से संचालित हो रहे बाड़ों को नोटिस देकर हटाए जाने की कार्रवाई का भी निर्देश दिया।
झोन कार्यालय की लापरवाही पर फटकार
निरीक्षण के दौरान झोन क्रमांक 5 के कार्यालय परिसर में गंदगी और कचरा पाए जाने पर आयुक्त ने स्वास्थ्य निरीक्षक महेश झांझोट को फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने सभी झोन कार्यालयों को सुबह 7:30 बजे तक अनिवार्य रूप से खोलने का निर्देश दिया, ताकि सफाई से जुड़ी चर्चाएं और महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान किया जा सके।
निरीक्षण में शामिल अधिकारी
इस निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य जितेंद्र कुवाल, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, पार्षद प्रतिनिधि सुनील चावंड और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। आयुक्त ने टीम के साथ सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए अव्यवस्थाओं की पहचान की और सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निगम प्रशासन द्वारा इस तरह के निरीक्षण और सख्त कदम उठाने से सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद की जा रही है।
