उत्तर प्रदेश के DEPUTY CM केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और भस्म आरती में शामिल हुए। इस दौरान वे बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने कहा कि भस्म आरती के दौरान जो आध्यात्मिक अनुभूति हुई, उसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है।

महाकाल के दरबार में पूजा-अर्चना

मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल के अनुसार, उपमुख्यमंत्री ने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार पर पहुंचकर पूजन-अभिषेक किया। मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने उन्हें तिलक लगाया, पुष्पहार पहनाया और आशीर्वाद दिया। इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति की ओर से गौरव शर्मा ने उनका स्वागत किया

महाकाल की कृपा और प्रार्थना

दर्शन के बाद मौर्य ने ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष करते हुए कहा कि महाकाल के दरबार में आना सौभाग्य की बात है। भस्म आरती के दौरान भक्त और भगवान के बीच की दूरी जैसे मिट गई थी, और हर कोई भक्ति में डूबा नजर आ रहा था। उन्होंने देश और समाज की समृद्धि के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना की और बार-बार दर्शन का अवसर मिलने की कामना की।