धार्मिक नगरी उज्जैन में 1 अप्रैल से शराब बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। सभी शराब की दुकानें और बीयर बार बंद कर दिए गए हैं। प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को महाकाल थाना पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर 40 हजार रुपये की अवैध शराब जब्त की।

शहर के प्रमुख मार्गों पर सख्त चेकिंग अभियान

शराब बिक्री पर प्रतिबंध लागू होते ही पुलिस ने शहर के प्रवेश मार्गों और प्रमुख चौराहों पर जांच अभियान शुरू किया। महाकाल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भूखी माता मंदिर के पास दबिश देकर कमलाबाई पत्नी पप्पू बंजारा को 38 क्वार्टर देशी प्लेन शराब के साथ पकड़ा।

इसके अलावा, पुलिस ने भूखी माता रोड, लालपुल रेलवे पटरी और शिप्रा नदी के किनारे भी कार्रवाई करते हुए कई अन्य शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोंसा निवासी रमेश पिता भुवान रैकवार, निकास चौराहा निवासी प्रिंस पिता देवीलाल यादव, मुल्लापुरा निवासी संदीप पिता बनेसिंह गेहलोत और भूखी माता चौराहा निवासी गणेश उर्फ गाना माली शामिल हैं। पुलिस ने कुल 404 क्वार्टर देशी शराब (कीमत 40 हजार रुपये) जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों में संदीप गेहलोत के खिलाफ पहले से महाकाल थाना में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि गणेश माली के खिलाफ आठ आपराधिक रिकॉर्ड हैं।

वाहनों की तलाशी, शहर में शराब प्रवेश रोकने की सख्ती

दिनभर होटल और ढाबों की तलाशी के बाद शाम को पुलिस ने शहर के प्रवेश मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। बाहर से शराब लेकर आने वालों को रोकने के लिए वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही थी। प्रमुख रूप से इंदौर-उज्जैन, देवास-उज्जैन, बड़नगर-उज्जैन, मक्सी-उज्जैन और आगर-उज्जैन मार्गों पर वाहनों की तलाशी ली गई।

चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक पुलिस को देखकर भागने लगे। ग्रामीण क्षेत्रों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया, जिससे कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब लेकर शहर में प्रवेश न कर सके।

होटलों और रेस्टोरेंट्स पर भी पुलिस की नजर

पंवासा थाना प्रभारी रविंद्र कटारे ने बताया कि शराब प्रतिबंध के बाद एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर भी सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

एमपीईबी ग्रिड के पास शंकरपुर में अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट में अवैध रूप से शराब परोसने की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस को देखते ही शराब पी रहे लोग भाग निकले, लेकिन संचालक कुलदीप पिता अशोकसिंह बैस (निवासी बजरंग कॉलोनी, पंवासा) को गिरफ्तार कर लिया गया।

रेस्टोरेंट की तलाशी में 53 क्वार्टर देशी शराब और 25 बीयर की केन बरामद हुई। कुलदीप के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 और प्रतिबंध के बावजूद शराब परोसने के मामले में धारा 36 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त की गई शराब की कीमत 7 हजार रुपये से अधिक पाई गई।

शराब तस्करों पर कड़ी कार्रवाई जारी

उज्जैन पुलिस लगातार शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। प्रतिबंध के बावजूद यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचता या परोसता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि धार्मिक नगरी उज्जैन में शराब पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए।