छत्तीसगढ़ सरकार की एक अहम कैबिनेट बैठक आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश के खरीफ सीजन को लेकर खाद-बीज की उपलब्धता, विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति, नई नीतियों के क्रियान्वयन और कई प्रशासनिक मसलों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, बैठक में खाद्य, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, और जल संसाधन विभाग से जुड़े कई प्रस्तावों पर कैबिनेट की स्वीकृति मिल सकती है।
खरीफ सीजन में किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता
बैठक में खरीफ फसल के लिए किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम करने की रणनीति पर विचार किया जाएगा। इसमें डीलरों की निगरानी, वितरण प्रणाली की पारदर्शिता और केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित करने जैसे पहलुओं को लेकर निर्णय लिए जाने की संभावना है।
योजनाओं की समीक्षा और प्रगति रिपोर्ट
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। इसमें महतारी वंदन योजना, पीएम आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी व ग्रामीण), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन जैसी प्रमुख योजनाएं शामिल होंगी। इनकी प्रगति के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
दिल्ली दौरे से पहले सियासी सरगर्मियां तेज
बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 2:15 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दो दिवसीय इस दौरे के दौरान उनके केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की संभावना है। इसके अलावा, वे दिल्ली में निवासरत छत्तीसगढ़ के सभी सांसदों के साथ एक विशेष बैठक भी करेंगे।
कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा संभावित
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा जोरों पर है कि मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के दौरान राज्य मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक में इस पर रणनीतिक सहमति बनने की उम्मीद है।
