
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जिला सचिव कामरेड जगदीश पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के आह्वान पर 22 दिसंबर 2025 को देशव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत नरसिंहपुर जिले के सालीचौका में पुतला दहन एवं विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कामरेड पटेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर/समाप्त करने की नीतियों के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत सालीचौका में पुतला दहन किया जाएगा तथा वीबीजी राम जी (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण) बिल की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
उन्होंने जिले की कृषि समस्याओं की ओर ध्यान दिलाते हुए बताया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रही है। खाद वितरण में अव्यवस्था के कारण किसानों को आपस में लड़ाने की स्थिति बन रही है, साथ ही क्षेत्र से बाहर खाद वितरण पर रोक और धान खरीदी केंद्रों से जुड़े वेयरहाउसों में व्यापारियों द्वारा एडवांस धान रखे जाने की आशंका भी है।
इन मुद्दों को लेकर प्रशासन से तत्काल भौतिक सत्यापन, वास्तविक किसानों से ही खरीदी सुनिश्चित करने तथा स्लॉट बुकिंग पूरे दिन खुली रखने की मांग की जाएगी। इसके लिए बसुरिया रोड, डांग स्थित वेयरहाउस के सामने शासन-प्रशासन का पुतला दहन किया जाएगा, जिसके बाद सालीचौका नगर में बिल की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन होगा।
अंत में कामरेड पटेल ने जिले के मजदूरों और किसानों से सरकार की किसान–मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट संघर्ष की अपील की है।
