
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति से बात करने के शक में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ बीच सड़क मारपीट कर दी। यह घटना जनकपुर थाना क्षेत्र की है।
घटना मंगलवार 6 जनवरी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला को शक था कि छात्रा उसके पति से फोन पर लगातार बातचीत करती है। महिला का कहना है कि उसने छात्रा को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। इसी बात को लेकर महिला छात्रा से बात करने जनकपुर इलाके में पहुंची थी, जहां दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि बीच बाजार दोनों के बीच जमकर मारपीट हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में महिला और छात्रा एक-दूसरे के बाल खींचते, नाखून से नोंचते और झूमाझटकी करते नजर आ रहे हैं। मारपीट में छात्रा के चेहरे पर नाखून के कई निशान आ गए।
घटना सार्वजनिक स्थान पर होने के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। सूचना मिलने पर जनकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक छात्रा वहां से जा चुकी थी।
जनकपुर थाना प्रभारी ओमप्रकाश दुबे ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर भेजा गया था। मारपीट करने वाली महिला को थाने लाया गया, लेकिन उसने किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। महिला का कहना है कि वह छात्रा द्वारा उसके पति से बातचीत करने को लेकर नाराज थी।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज कर ली है। शिकायत न मिलने के कारण आगे की कार्रवाई नहीं की गई है, हालांकि वीडियो के वायरल होने के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
