18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत, किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल धान खरीदी, महतारी वंदन योजना में महिलाओं को ₹18 हजार करोड़ से अधिक की राशि हस्तांतरित

आरंग। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण ही राज्य सरकार की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में पूरा कर दिया है। उन्होंने दोहराया कि “मोदी की गारंटी, यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली और जनता के विश्वास का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। किसानों से ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किश्तों में ₹18 हजार करोड़ से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी, जवाबदेह और सुशासन आधारित प्रशासन स्थापित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। भ्रष्टाचार और अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है तथा नागरिक सेवाओं को पहले से अधिक सरल और सुलभ बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। नागरिकों को सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सहकारिता, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। उन्होंने नागरिकों से विभिन्न शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता “मोर बिजली” मोबाइल ऐप अथवा वेबसाइट के माध्यम से सितंबर तक पंजीयन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक ₹858 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और सुशासन की नई दिशा स्थापित हुई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के अंतर्गत आंवला का पौधारोपण किया। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा जिला प्रशासन के मिशन उत्कर्ष के अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

