आयोग आपके द्वार’’ कार्यक्रम अंतर्गत म.प्र. मानव अधिकार आयोग ने दतिया जिले में की जनसुनवाई

भोपाल मध्‍यप्रदेश

जेल एवं अस्पताल का औचक निरीक्षण भी किया….

मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग, भोपाल द्वारा ‘’आयोग आपके द्वार’’ कार्यक्रम के तहत माननीय अध्यक्ष महोदय डॉ. श्री अवधेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में 20 फरवरी, 2026 (शुक्रवार) को दतिया जिले के कलेक्‍टर कार्यालय के सभागार में आयोग में पहले से लंबित मामलों एवं मौके पर मिले नए मामलों की जनसुनवाई की।

आयोग के माननीय अध्यक्ष डॉ. श्री अवधेश प्रताप सिंह ने पक्षकारों/आवेदकों एवं जिलाधिकारियों से रूबरू होकर कुल 23 मामलों में सुनवाई की। जिसमें 09 प्रकरण निराकृत हुये और शेष 14 प्रकरणों को विचारार्थ लिया गया। निराकृत हुये 09 प्रकरणों में से दो मामलों में 04-04 लाख रूपये (चार-चार लाख रूपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की गई और एक अन्य प्रकरण में मृतक की पत्नी को 7,00,000/- (सात लाख रूपये) व पांच साल के लिए 12,000/- प्रति माह एवं उनकी मां को 20,00,000/- (बीस लाख रूपये) की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है।

माननीय अध्यक्ष डॉ. सिंह ने जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानव अधिकार संरक्षण को सर्वोच्‍च प्राथमिकता दी जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए। और ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए जिसमें किसी भी व्यक्ति के मानव अधिकारों का हनन हो। किसी भी समाज को सशक्त बनाने में मानव अधिकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिये कि शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली में मानव अधिकारों के संरक्षण को सुनिश्चित करते हुये आमजन के विश्वास को सुदृढ़ बनाया जाए।

जनसुनवाई के दौरान मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष डॉ. श्री अवधेश प्रताप सिंह, उप पुलिस महानिरीक्षक, श्री मुकेश कुमार श्रीवास्तव (आई.पी.एस.) स्थानीय कलेक्‍टर, पुलिस अधीक्षक, जिला अधिकारी व सभी प्रशासनिक अधिकारी और दतिया जिले के मानवाधिकार हनन मामलों के प्रस्‍तुतकर्ता अधिकारी सहित आयोग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जिलाधिकारी भी मौजूद रहें।

जनसुनवाई के पश्चात माननीय अध्‍यक्ष डॉ. श्री अवधेश प्रताप सिंह द्वारा सब जेल डबरा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डबरा का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक एवं विकासखंड चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जेल में निरीक्षण के दौरान माननीय अध्यक्ष डॉ. सिंह ने बंदियों से चर्चा कर भोजन, स्वास्थ्य, कौशल प्रशिक्षण की जानकारी भी ली गई तथा जेल अधीक्षक को भ्रमण- प्रतिवेदन आयोग को प्रेषित करने के निर्देश दिये।

साथ ही साथ स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान माननीय अध्यक्ष डॉ. सिंह ने केंद्र के विभिन्न कक्षों का अवलोकन करते हुये प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को भी निरीक्षण प्रतिवेदन आयोग को प्रेषित करने तथा निरीक्षण के दौरान केंद्र में पाई गई आवश्‍यक कमियों को दूर करने के संबंध की गई कार्यवाही की जानकारी भी आयोग को प्रेषित करने हेतु निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष महोदय के साथ आयोग के उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मुकेश कुमार श्रीवास्तव (आई.पी.एस.) भी मौजूद रहें।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *