
राजनांदगांव में वैष्णव समाज ने शासन-प्रशासन द्वारा वैष्णव-बैरागी महंत राजाओं की लगातार उपेक्षा और कथित अपमान के विरोध में स्टेडियम चौक पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान समाज के पदाधिकारियों और वक्ताओं ने महंत राजाओं के सम्मान और उनके नाम पर सार्वजनिक स्थलों के नामकरण की मांग उठाई।
जिला अध्यक्ष संतोष वैष्णव ने कहा कि दिग्विजय स्टेडियम समिति के नव नियुक्त पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह के आमंत्रण पत्र में महंत राजा दिग्विजय दास का नाम और तस्वीर शामिल नहीं किए जाने से समाज आहत है। उन्होंने इसे वैष्णव समाज का अपमान बताया।
सुरेंद्र दाऊ जी ने कहा कि वैष्णव समाज अपने पूर्वज महंत राजाओं के अपमान और राजगामी संपदा न्यास में कथित अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं करेगा। कार्यक्रम में संदीप वैष्णव, देवकुमार निर्वाणी, शिवकुमार वैष्णव, चंद्रशेखर वैष्णव, हेमंत वैष्णव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने समाज की एकता बनाए रखने और संघर्ष में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
पूर्व महापौर अजीत जैन ने भी प्रदर्शन स्थल पहुंचकर समर्थन दिया और कहा कि महंत राजा दिग्विजय दास ने अपनी संपत्ति जनकल्याण के लिए दान कर दी थी, लेकिन आज शहर में उनके सम्मान के अनुरूप नामकरण और स्मारक नहीं हैं।
वैष्णव समाज की प्रमुख मांगें
वैष्णव समाज ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को दिए ज्ञापन में कई मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से—
- दिग्विजय स्टेडियम का नाम “महंत राजा दिग्विजय दास स्टेडियम” किया जाए।
- स्टेडियम चौक का नाम “महंत राजा दिग्विजय चौक” रखा जाए।
- सर्वेश्वर दास स्कूल का नाम “महंत राजा सर्वेश्वर दास स्कूल” किया जाए।
- पारीनाला बायपास चौक का नाम “महंत राजा बलराम दास जी राजाजी चौक” रखा जाए।
- दिग्विजय कॉलेज का नाम “वैष्णव महंत राजा दिग्विजय दास महाविद्यालय” किया जाए।
- राजगामी संपदा न्यास से निर्मित भवनों में महंत राजाओं और रानी सूर्यमुखी की प्रतिमाएं स्थापित की जाएं।
- राजवंश स्मारक स्थल में प्रतिवर्ष जन्मोत्सव आयोजन हेतु पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी जाए।
- नए बस स्टैंड का नाम रानी सूर्यमुखी देवी के नाम पर रखा जाए।
- शीतला मंदिर परिसर स्थित मठों का जीर्णोद्धार और नामपट्टिका के साथ सौंदर्यीकरण किया जाए।
- राजनांदगांव रेलवे स्टेशन का नाम महंत राजा बलराम दास जी के नाम पर रखा जाए तथा वहां उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए।
धरना प्रदर्शन का संचालन जिला प्रभारी शिव कुमार वैष्णव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन चंद्रशेखर दास वैष्णव ने व्यक्त किया। प्रेस विज्ञप्ति जिला सचिव संदीप वैष्णव और चंद्रशेखर वैष्णव द्वारा संयुक्त रूप से जारी की गई।

