बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 12 आईपीएस अधिकारियों और 53 डीएसपी का तबादला कर दिया है. इसके साथ ही आठ डीएसपी को पदोन्नत कर कार्यकारी अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) का प्रभार सौंपा गया है. इस बीच बड़ी खबर यह है कि आईपीएस अधिकारी पंकज कुमार दराद को एसवीयू से स्थानांतरित कर उन्हें अब अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) सह प्रबंध निदेशक के रूप में पुलिस भवन निर्माण निगम की कमान सौंपी गई है. उनकी जगह अब सुधांशु कुमार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है.

पटना. बिहार पुलिस महकमे में बुधवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. गृह विभाग ने 12 आईपीएस अधिकारियों का तबादला करते हुए 53 डीएसपी का भी ट्रांसफर कर दिया है. इसके साथ ही राज्य सरकार ने आठ डीएसपी को पदोन्नति देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) का कार्यकारी प्रभार सौंपा है. इस संबंध में गृह विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इस बीच सबसे बड़ी खबर यह है कि आईपीएस पंकज दराद को एसवीयू से हटाकर उनका भवन निर्माण विभाग में ट्रांसफर कर दिया गया. बता दें, बिहार में रिशु श्री मामले की जांच एसवीयू की टीम ही कर रही थी, जिसको पंकज दराद लीड कर रहे थे.
पंकज दराद का तबादला, सुधांशु कुमार को अतिरिक्त जिम्मेदारी
दरअसल विशेष निगरानी इकाई (SVU) और एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) में तैनात आईपीएस अधिकारी पंकज दराद का तबादला कर दिया गया है. अब पंकज दराद को अपर पुलिस महानिदेशक (ADG)-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम, पटना के पद पर भेजा गया है. वहीं, आईपीएस अधिकारी सुधांशु कुमार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. इसके अलावा प्रीता वर्मा को डीजी अग्निशमन सेवा एवं होमगार्ड की जिम्मेदारी दी गई है.

