प्रशासकीय स्वीकृति के बाद तत्काल शुरू हों कार्य, अधिकारियों से कहा—पुराना ढर्रा बदलें, फील्ड पर दिखना चाहिए काम
रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने आज लोक निर्माण विभाग (PWD) की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध और परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तत्परता से पूरी कर निर्माण कार्यों को बिना देरी के प्रारंभ कराया जाए।
श्री साव ने कहा कि प्रत्येक परियोजना की प्रगति अनुबंध में निर्धारित माइलस्टोन्स के अनुसार सुनिश्चित की जाए तथा सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे हों। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का भी विशेष ध्यान रखें।
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “काम का पुराना ढर्रा बदलना होगा। केवल फाइलों में प्रगति नहीं, बल्कि फील्ड पर काम और उसके परिणाम दिखाई देने चाहिए।” उन्होंने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का लगातार निरीक्षण करने और परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री अरुण साव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्य का “ग्रोथ इंजन” है। राज्य के समग्र विकास में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है क्योंकि सड़क, पुल-पुलिया, शासकीय भवन, स्कूल, कॉलेज, ऑडिटोरियम, कार्यालय और अन्य अधोसंरचना के निर्माण की जिम्मेदारी इसी विभाग पर है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क एवं पुल-पुलियों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, ऑडिटोरियम, कार्यालय और अन्य भवन निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं ताकि आम जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा होगी और लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि तेज गति, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ अधोसंरचना विकास को आगे बढ़ाना ही विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्य बिंदु
- ✅ प्रशासकीय स्वीकृति के बाद तत्काल शुरू हों निर्माण कार्य।
- ✅ अनुबंध के माइलस्टोन्स के अनुसार समय-सीमा में पूरा हो हर प्रोजेक्ट।
- ✅ अधिकारियों को पुराना कार्य ढर्रा बदलने के निर्देश।
- ✅ फील्ड पर कार्य और उसके परिणाम स्पष्ट दिखाई देने चाहिए।
- ✅ सड़क, पुल, स्कूल, कॉलेज, ऑडिटोरियम और सरकारी भवन समय पर पूरे करने के निर्देश।
- ✅ लोक निर्माण विभाग को राज्य का ‘ग्रोथ इंजन’ बताया।

