मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का किया लोकार्पण, सरदार पटेल के नाम पर होगा परिसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का किया लोकार्पण, सरदार पटेल के नाम पर होगा परिसर

छत्तीसगढ़ रायपुर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को रायपुर के डुमरतराई स्थित छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नाम लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा जाएगा तथा यहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनके नाम पर इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नामकरण राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि व्यापार और रोजगार एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना विकसित होती है, वहां आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं, नए निवेश आकर्षित होते हैं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि डुमरतराई का यह अत्याधुनिक थोक बाजार रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई गति देगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस आधुनिक व्यापारिक परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा व्यापारियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने इसे व्यापारियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के साथ-साथ ‘ईज ऑफ लिविंग’ को भी समान महत्व दे रही है। व्यापार, उद्योग और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए अनेक सुधार लागू किए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की आधारभूत अधोसंरचना के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मंडल की नई कार्यसंस्कृति और कुशल प्रबंधन विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को नई गति देंगे।

इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापारिक अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में डुमरतराई में आधुनिक थोक बाजार की जो परिकल्पना की गई थी, वह आज साकार हो गई है। इससे व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ-साथ रायपुर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि नवीन थोक बाजार मंडल की गुणवत्ता, नवाचार और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह परियोजना व्यापार, निवेश, रोजगार सृजन और प्रदेश के समग्र आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी वर्मा, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएं

  • लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित आधुनिक थोक बाजार।
  • प्रथम चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें एवं हॉल निर्मित।
  • द्वितीय चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानें तैयार।
  • चौड़ी सड़कें, आधुनिक पार्किंग और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था।
  • परिसर का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा जाएगा।
  • परिसर में 15 फीट ऊंची सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *