मर्डर केस: जीजा ने दो सालियों को गोली मारकर की हत्या, दोनों की इलाज के दौरान मौत

News रायपुर

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार देर रात एक घरेलू विवाद ने बेहद भयावह रूप ले लिया। मोवा थाना क्षेत्र में एक बाउंसर ने अपनी ही ससुराल में घुसकर लाइसेंसी पिस्टल से अपनी दो सालियों पर गोली चला दी, जिससे दोनों की मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, आरोपी जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) पेशे से बाउंसर है। उसे अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा पर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी झगड़ा हुआ, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई।

रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच आरोपी नशे की हालत में ससुराल पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।

समझाने पर भड़का आरोपी

इस दौरान उसकी सालियां—गीतांजली वर्मा (26) और दुर्गेश्वरी वर्मा (24)—बाहर आईं और उसे शांत रहने व वापस जाने को कहा। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

दोनों की मौत

फायरिंग में एक गोली गीतांजली के माथे पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी की पीठ में लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद मचाया हंगामा

घटना के बाद आरोपी फरार नहीं हुआ, बल्कि सड़क पर निकलकर हवाई फायरिंग करने लगा, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। बाद में वह खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *