नशे में ट्रक ड्राइवर की लापरवाही, एक युवती की मौत — दो सहेलियां गंभीर

News दुर्ग

नंदिनी रोड पर दर्दनाक हादसा, जूस पीने निकली तीन सहेलियां बनीं हादसे का शिकार

छत्तीसगढ़ | INS विशेष संवाददाता

छत्तीसगढ़ में बढ़ते शराब के दुष्प्रभाव का एक दर्दनाक उदाहरण सामने आया है। नंदिनी रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार तीन सहेलियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय ट्रक चालक नशे में धुत बताया जा रहा है।

इस दुर्घटना में प्रीति नामक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां लक्ष्मी और हिमानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि तीनों सहेलियां जूस पीने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उनकी यह छोटी सी outing इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगी।

2 किलोमीटर तक ट्रक भगाया
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश में करीब 2 किलोमीटर तक ट्रक दौड़ाता रहा। स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी को अपने कृत्य पर कोई पछतावा नहीं था। उल्टा वह लोगों को धमकाता नजर आया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

शराब के दुष्प्रभाव पर उठे सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र में शराब के बढ़ते प्रचलन और उससे जुड़ी लापरवाहियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार खुल रही शराब दुकानों के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

कार्रवाई की मांग
लोगों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और क्षेत्र में शराब बिक्री पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

हादसा न सिर्फ एक परिवार की दुनिया उजाड़ गया, बल्कि समाज को यह सोचने पर मजबूर कर रहा है कि नशे और लापरवाही की कीमत कितनी भारी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *