
के छावनी थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। जेल से छूटकर आए एक बदमाश ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका मोहल्ले में जुलूस निकाला।
पुलिस के मुताबिक सूर्या नगर कैंप-2 निवासी हेमराज निषाद उर्फ प्रिंस फल मंडी पावर हाउस में हमाली का काम करता है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले नंदनी रोड पर बाइक टकराने को लेकर उसकी आरोपी शाहरूख खान से कहासुनी हुई थी। उसी विवाद को लेकर आरोपी युवक लगातार धमकी दे रहा था।
घटना 5 मई की रात करीब 10:30 बजे की है। पीड़ित मंडी में काम खत्म कर अपने साथी के साथ घर लौट रहा था। तभी मंडी के बाहर शाहरूख खान अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने धारदार नुकीले हथियार से हमला कर दिया, जिससे हेमराज की बाईं पसली में गंभीर चोट आई।
घटना की शिकायत मिलने के बाद छावनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाहरूख खान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों का इलाके में जुलूस निकाला और चौक पर उठक-बैठक भी करवाई। बाद में आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।

