पेश बघेल असम में भाजपा के अंत का दिवास्वप्न देख रहे हैं – संतोष पांडेय

छत्तीसगढ़ रायपुर

बघेल नहीं भूलना चाहिए कि जिन-जिन प्रदेशों की कमान उनको सौंपी गई थी – संतोष पांडेय

*रायपुर।* भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल असम में भाजपा के अंत का दिवास्वप्न देख रहे हैं। श्री पाण्डेय ने कहा कि आजकल मुद्दों की दरिद्रता के चलते राजनीतिक अस्तित्व के संकट से जू़झ रहे बघेल शायद स्मृतिलोप के दौर से भी गुजर रहे हैं। बघेल को यह तो कतई नहीं भूलना चाहिए कि जिन-जिन प्रदेशों की कमान उनको सौंपी गई थी, उन-उन प्रदेशों में कांग्रेस का बंटाधार हो चुका है, और असम भी उनमें एक राज्य रहा है।

भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता श्री पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और देश के जनमानस का मूड भाँपने में भूपेश बघेल हर बार गच्चा खाने के बाद भी मुंगेरीलाल की तरह फिर असम में भाजपा के अंत का सपना देख रहे हैं। बघेल ऐसे सपने देखकर चाहे जितनी डींगें हाँकते और परिवार-वन्दना की शर्मनाक मिसाल पेश करते फिरें, पर इस सच्चाई से मुँह न चुराएँ कि प्रबुद्ध देशवासी कांग्रेस मुक्त भारत के लिए संकल्पित हो चुके हैं। श्री पाण्डेय ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में जिस सख्ती के साथ देश-विरोधी ताकतों को नेस्त-ओ-नाबूद किया जा रहा है, घुसपैठियों को उनके बिलों से निकाल बाहर करके असम में स्थायी शांति और विकास का मार्ग निष्कंटक बनाया जा रहा है, उससे दरअसल कांग्रेस की बदनीयती लहूलुहान हो रही है और उसी बिलबिलाहट में कांग्रेसी अपने बड़बोलेपन का प्रदर्शन कर रहे हैं। भूपेश बघेल अपनी ऐसी डींगों से एक बार फिर कांग्रेस के पराजय-पत्र पर हस्ताक्षर कर रहे हैं।

———————
शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कर क्रांतिकारी बदलाव व सुधार लाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं – शताब्दी पाण्डेय

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कर उसमें क्रांतिकारी बदलाव व सुधार लाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। श्रीमती पाण्डेय ने प्रदेश सरकार द्वारा व्यावसायिक परीक्षा मण्डल के जरिए परीक्षा लेकर 5 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के प्रतिभा सम्पन्न युवाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, साथ ही शिक्षा व्यवस्था में भी सुधार होगा।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य में शिक्षकों की कमी को लेकर नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के आदेश दिए हैं। प्रदेश सरकार अगले शिक्षा सत्र के पहले शिक्षकों की पोस्टिंग करने की तैयारियों में लगी है। श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि राज्य में शिक्षकों के रिक्त पदों की दिक्कत से निपटने के लिए पिछले साल अप्रैल-मई में युक्तियुक्तकरण किया गया था। इसके चलते एक ही परिसर के स्कूलों को मर्ज भी किया गया और प्राथमिक व मिडिल स्कूलों की मॉनीटरिंग का जिम्मा हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य को सौंपा गया ताकि खाली पदों की कमी को दूर किया जा सके। अब प्रदेश सरकार की इस पहल से अनेक समस्याओं का समाधान होगा।
——————-

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *