दुर्ग में सीवरेज सुधार की दिशा में बड़ा कदम, 129.50 करोड़ से बनेगा एस.टी.पी.

छत्तीसगढ़ दुर्ग

हाउसिंग बोर्ड के अलावा शहर में नहीं है अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम

🔹बघेरा क्षेत्र में सीवरेज सर्वे शुरू, स्वीकृति के बाद होगा कार्य प्रारंभ

🔹 सीवरेज व्यवस्था को लेकर ऐतिहासिक फैसला, 129.50 करोड़ से बनेगा एस.टी.पी.

हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के अलावा पूरे नगर निगम क्षेत्र में नहीं है अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम:

दुर्ग/ 08 जनवरी नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही सीवरेज और नालों के गंदे पानी की समस्या को लेकर अब बड़ा और निर्णायक कदम उठाया गया है। नगर निगम सीमा अंतर्गत वर्तमान में हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र को छोड़कर शहर के किसी भी वार्ड में अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम उपलब्ध नहीं है। जिसके कारण नालों का गंदा पानी सीधे शिवनाथ नदी में मिल रहा है और इससे पर्यावरण  पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

शासन की बड़ी सौगात पहले चरण में 129.50 करोड़ की स्वीकृति शहर की इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन द्वारा प्रथम चरण में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एस.टी.पी.) के निर्माण हेतु 129.50 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना का उद्देश्य नालों से निकलने वाले गंदे पानी को वैज्ञानिक तरीके से शुद्ध कर उसे सुरक्षित रूप से निस्तारित करना है।

सीवरेज सिस्टम से पहले बनेगा एस.टी.पी.नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम के निर्माण से पूर्व एस.टी.पी. का निर्माण अनिवार्य है। बिना एस.टी.पी. के सीवरेज नेटवर्क का कोई औचित्य नहीं रहेगा, क्योंकि गंदे पानी के शोधन की समुचित व्यवस्था आवश्यक है। इसी कारण शासन ने पहले एस.टी.पी. निर्माण को प्राथमिकता दी है।बघेरा क्षेत्र में सीवरेज सुधार की तैयारी, सर्वे कार्य जारी वर्तमान में सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बघेरा क्षेत्र का सर्वे प्रोजेक्ट फाइल के रूप में किया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट और तकनीकी परीक्षण पूर्ण होने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही बघेरा क्षेत्र में सीवरेज सुधार एवं निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह क्षेत्र पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जा सकता है।

एस.टी.पी. बनने के बाद पूरे शहर में फैलेगा सीवरेज नेटवर्क

नगर निगम सूत्रों के अनुसार एस.टी.पी. निर्माण पूर्ण होने के पश्चात शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम के लिए चरणबद्ध प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इससे नालियों में बहने वाले गंदे पानी, जलभराव, बदबू और बीमारियों की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

स्वच्छ शहर की दिशा में बड़ा कदम

🔹इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से दुर्ग शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी, भू-जल प्रदूषण में कमी आएगी और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा। शासन और नगर निगम की यह पहल दुर्ग को आधुनिक शहरी सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *