भोपाल शहर के कोलार क्षेत्र अंतर्गत महाबली नगर के नायर मार्केट के पास स्थित बाल उद्यान के बदहाल होने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य, सुकुन और सामाजिक मेलजोल के लिये बनाये गये पार्क बदहाल हो गया है। इस कारण सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पार्क में नियमित सफाई नहीं होने के कारण वातावरण दूषित हो गया है। साथ ही पार्क में शाम के समय शराबखोरी और संदिग्ध गतिविधियों के कारण महिलाएं और बुजुर्ग शाम के समय पार्क में जा नहीं पाते है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने आयुक्त, नगर निगम, भोपाल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।

