बलौदा बाजार हिंसा-आगजनी मामला: क्रांति सेना और जोहर पार्टी के और पदाधिकारियों की हो सकती है गिरफ्तारी

छत्तीसगढ़ रायपुर

रायपुर। बलौदा बाजार आगजनी और हिंसा मामले में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव और जोहर छत्तीसगढ़ पार्टी के सचिव दिनेश वर्मा की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ सकता है। सूत्रों के अनुसार, इस प्रकरण में कुछ और प्रमुख लोगों की गिरफ्तारी की तैयारी चल रही है।

अब तक इस मामले में कुल 198 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच और विवेचना लगातार जारी है। जानकारी के मुताबिक, आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। बताया जा रहा है कि जांच सूची में दो महिला पदाधिकारी समेत तीन अहम चेहरे शामिल हैं।

इस बीच, जोहर छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रवक्ता चंद्रकांत यदु ने कहा कि उन्हें आशंका है कि उनके संगठन के और नेताओं की गिरफ्तारी हो सकती है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रशासन से स्पष्ट रूप से पूछा है कि इस मामले में आगे कितनी गिरफ्तारियां प्रस्तावित हैं। उनका कहना है कि यदि जानकारी दी जाती है तो पार्टी स्वयं अपने नेताओं को सामने लाकर प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए बिना ठोस कारण गिरफ्तारियां की जा रही हैं, जो सरकार के रवैये पर सवाल खड़े करती हैं। पार्टी ने आगे की कानूनी और राजनीतिक लड़ाई के लिए तैयार रहने की बात कही है।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *