
10 मई। शहर में आयोजित “मस्ती की पाठशाला” में रविवार अल सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चे और युवा बड़ी संख्या में पहुंचकर पारंपरिक खेलों, योग और संगीतमय जुम्बा डांस का आनंद लेते नजर आए।
इस अवसर पर मधुसूदन यादव ने उपस्थित महिलाओं को मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि घर ही पहली पाठशाला होती है, जहां मां बच्चों को संस्कार और अनुशासन की शिक्षा देती है। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि घरों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डिब्बों में रखकर स्वच्छता दीदियों को दें। नगर निगम द्वारा घर-घर डस्टबिन वितरित किए जा रहे हैं, इसलिए उनका उपयोग कर आसपास स्वच्छता बनाए रखें।

महापौर ने कहा कि “मस्ती की पाठशाला” को लेकर बच्चों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि आमतौर पर माता-पिता बच्चों को सुबह उठाते हैं, लेकिन आज ऐसा लग रहा था कि बच्चे खुद अपने माता-पिता को पाठशाला लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि लोगों ने कार्यक्रम को लेकर कई सुझाव दिए हैं, जिन पर अमल करते हुए अगले सप्ताह व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत योग से हुई, जिसमें पतंजली भारत स्वाभिमान न्यास के बच्चों ने योग प्रदर्शन कर लोगों को प्रेरित किया। चौपाटी परिसर में तीरंदाजी, बैडमिंटन, कराटे, सांप-सीढ़ी और पिट्ठुल जैसे पारंपरिक खेल आयोजित किए गए। वहीं छोटे बच्चों ने झूले और फिसल पट्टी का आनंद लिया। बड़ी संख्या में बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी कला का प्रदर्शन भी किया।
महापौर मधुसूदन यादव ने निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा और पार्षदों के साथ बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान चौपाटी के सामने बॉडी टेक जिम और रीदम रिवोल्यूशन ग्रुप के बच्चों के साथ लोगों ने संगीतमय जुम्बा डांस का आनंद लिया। वहीं TVS Motor Company की ओर से विभिन्न खेलों में विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान महापौर और पार्षद मनोहर यादव ने गीत प्रस्तुत कर माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पतंजली योग समिति, बॉडी टेक जिम, रीदम रिवोल्यूशन ग्रुप, इंडियन टीवीएस कंपनी, ब्लड डोनर संघ, यामिनी कला केंद्र और राजनांदगांव रनर ग्रुप सहित हॉकी, कराटे और तीरंदाजी संघों की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद, बच्चे, युवा और बुजुर्ग परिवार सहित बड़ी संख्या में शामिल हुए।

