
पानी सप्लाई समस्या का समाधान करने अधिकारियों को दिये निर्देश
राजनांदगांव 14 जनवरी। महापौर श्री मधुसूदन यादव वार्ड नं. 19 के पुलिस लाईन 18 एकड पहुॅच पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री किशुन यदु, जल विभाग के प्रभारी सदस्य श्री सुनील साहू, वार्ड पार्षद श्रीमती रेखा अभय पारख के साथ 18 एकड वासियो से रूबरू हो उनकी समस्यो से अवगत हुये। उन्होंने पानी की समस्या के संबंध में चर्चा कर समाधान करने प्र.कार्यपालन अभियंता श्री प्रणय मेश्राम को निर्देशित किये।
महापौर श्री यादव पुलिस लाईन 18 एकड में कालोनी वासियो से मुलाकात कर उनके समस्याओं से अवगत हुये। 18 एकड वासियों ने कहा कि इस कालोनी की प्रमुख समस्या पानी की है। उन्हांेने कहा कि यहॉ पानी सप्लाई के लिए दो टंकी निर्मित है, एक टंकी छोटी होने के कारण आबादी के हिसाब से पर्याप्त पानी नही मिल पाता है। इस पर महापौर ने पार्षद से जानकारी लेकर आधिकारियो से चर्चा किये। प्र.कार्यपालन अभियंता श्री मेश्राम ने जानकारी दी कि 18 एकड के दो टंकी में नगर निगम द्वारा पानी सप्लाई की जाती है और सम्पवेल के माध्यम से टंकी भर क्षेत्र के घरो में पानी सप्लाई होती है।
महापौर श्री यादव ने अधिकारियो से कहा कि दोनो सम्पवेल टंकी को आपस में कनेक्शन करे, जिससे बडी टंकी के ओव्हरफ्लो का पानी भी छोटे टंकी में जायेगा जिससे सप्लाई बढ़ जायेगी, सप्लाई बढ़ने से राहत मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बोर खनन के लिए प्रक्रिया करे, बोर खनन होने से पंप के माध्यम से टंकी भरा जायेगा, जिससे भी सप्लाई बढ़ेगी। उन्होेने अधिकारियो से कहा कि पेयजल समस्या वाले क्षेत्रो में ग्रीष्म ऋतु के पूर्व सुचारू पेयजल सप्लाई के लिए आवश्यक व्यवस्था करना सुनिश्चित करे। निरीक्षण के दौरान उप अभियंता श्री अनुप पाण्डे व श्री तिलक राज ध्रुव, फिटर श्री सोमनाथ सहित पुलिस लाईन 18 एकड वासी उपस्थित थे।
पानी टंकी सफाई कार्य जारी
टाका पारा, जी.ई. रोड, पुराना सिविल लाईन, बल्देवबाग क्षेत्र में आज शाम पेयजल आपूर्ति बाधित
राजनांदगांव 14 जनवरी। नगर निगम द्वारा टंकी सफाई करने की कडी में राजनांदगांव क्षेत्रांतर्गत टांकाघर नया आस.सी.सी. टंकी (क्षमता 15.00 लाख लीटर) की सफाई कार्य किया जाना है, जिसके कारण टांकाघर नया आर.सीसी. टंकी (क्षमता 15.00 लाख लीटर) स्थित उच्च स्तरीय जलागार नहीं भर पायेगा। इस वजह से टांकाघर नया आर.सी.सी. टंकी से कल दिनांक 15 जनवरी 2026 दिन गुरूवार को शाम के समय पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।
पानी टंकी सफाई के संबंध में नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि ग्रीष्मकाल में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने महापौर श्री मधुसूदन यादव के निर्देश पर ग्रीष्म ऋतु में पानी टंकियो की सफाई कराई जा रही है। इसी कडी में कल दिनांक 15 जनवरी गुरूवार को टांकाघर नया आर.सी.सी. टंकी की सफाई की जानी है। सफाई करने के कारण उक्त टंकी नही भर पाईगी, जिससे शाम के समय की सप्लाई बाधित होगी।
आयुक्त ने बताया कि टांकाघर नया आर.सी.सी. टंकी (क्षमता 15.00 लाख लीटर) सप्लाई क्षेत्र टांकापारा, जी.ई. रोड़, पुराना सिविल लाईन, सारंगपानी चाल, बल्देवबाग, पुराना रेस्ट हाउस, स्टेशनपारा वार्ड नं. 14 में कल 15 जनवरी गुरूवार की शाम को पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी, 16 जनवरी को सुबह समय में पेयजल सप्लाई यथावत होगी। उन्होंने नागरिकों से असुविधा के लिये खेद व्यक्त करते हुये सहयोग करने की अपील की है।

