विकास कार्यों को गति देने हीरा मोती वार्ड का महापौर ने किया दौरा

छत्तीसगढ़ राजनांदगांव

राजनांदगांव 12 फरवरी। वार्ड क्रमांक 39 हीरा मोती वार्ड में साफ सफाई एवं विकास कार्य के लिए महापौर श्री मधुसूदन यादव ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड के पार्षद श्री रवि सिन्हा के साथ गंजपारा प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की आवश्यकताओं एवं उन्नयन से संबंधित विषयों पर पार्षद श्री सिन्हा एवं प्राचार्य श्रीमती रबिया शादाब के साथ गंभीरता से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण एवं सारगर्भित निर्णय लिए गए।
महापौर श्री यादव ने विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए टेबल एवं कुर्सियों की तत्काल व्यवस्था करने, स्कूल को कंप्यूटर उपलब्ध कराने तथा एक स्मार्ट क्लास स्थापित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही जर्जर हो चुके भवन को तोड़ने की कार्यवाही करने संबंधित को निर्देश भी दिए गए, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। दौरे के दौरान वार्ड की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सागर नगर वाले रोड पर पानी नहीं आने की समस्या के निराकरण हेतु उप अभियंता श्री अनुप पाण्डे को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त वार्ड में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए स्थल चयन कर तत्काल लेआउट करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
पार्षद श्री रवि सिन्हा ने महापौर श्री यादव का वार्ड में आगमन एवं स्कूल तथा वार्ड के समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु दिए गए निर्देशों के लिए आभार व्यक्त किया। वार्डवासियों ने भी महापौर के इस दौरे को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *