शैक्षणिक भ्रमण में बाल गृह के बच्चों ने जाना बस्तर की संस्कृति और इतिहास

राजनांदगांव

जगदलपुर।। बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं कैटलिस्ट फॉर सोशल एक्शन (CSA) के सहयोग से 09 मई 2026 शनिवार को एक दिवसीय ग्रीष्मकालीन शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह भ्रमण बाल गृह बालक एवं बालिका में निवासरत देखरेख, संरक्षण एवं आवश्यकता वाले बच्चों के लिए आयोजित किया गया।

भ्रमण के दौरान बच्चों को कलेक्टर कार्यालय ले जाया गया, जहां उनकी मुलाकात अपर कलेक्टर बस्तर सी.पी. बघेल से हुई। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रेरणादायी बातें साझा कीं। साथ ही बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अपर कलेक्टर से मुलाकात के बाद बच्चे काफी उत्साहित और प्रेरित नजर आए।

शैक्षणिक भ्रमण के तहत बच्चों को बस्तर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक धरोहरों से परिचित कराया गया। बच्चों ने पुराना तहसील कार्यालय स्थित दशहरा पसरा का भ्रमण किया, जहां उन्होंने बस्तर दशहरा की आकर्षक झांकियों का अवलोकन किया। इस दौरान अर्जुन श्रीवास्तव ने बच्चों को विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की परंपरा, इतिहास और सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात बच्चों ने पुरातत्व संग्रहालय का भ्रमण किया, जहां उन्होंने बस्तर की प्राचीन संस्कृति और पुरातात्विक धरोहरों से जुड़ी वस्तुओं को देखा। संग्रहालय कर्मचारियों ने ऐतिहासिक सामग्रियों की जानकारी बच्चों को सरल और रोचक तरीके से समझाई।

इसके बाद बच्चों ने आमगुड़ा स्थित जनजातीय गौरव वाटिका का भ्रमण किया। यहां बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पाणिग्राही, सदस्य वर्षा श्रीवास्तव, धनेश्वरी वर्मा, रामकृष्ण ठाकुर, संतोष जोशी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. विजय शंकर शर्मा, संस्थागत अधिकारी मनोज कांत जोशी, सीएसए के प्रोग्राम अधिकारी योगेश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *