नगर निगम आयुक्त ने मोहारा रोड की सफाई व्यवस्था और निर्माणाधीन एसटीपी का किया निरीक्षण

छत्तीसगढ़ राजनांदगांव

23 मई। नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने आज सुबह नंदई-मोहारा रोड पहुंचकर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा निर्माणाधीन एसटीपी और मोहारा एनीकट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने मोहारा मेन रोड की सफाई व्यवस्था देख अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिवाइडर के दोनों ओर नियमित सफाई कर कचरा उठाया जाए और सड़क किनारे स्वच्छता बनाए रखी जाए। डिवाइडर पर चल रहे पेंटिंग कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने दोनों ओर एक समान रंग कराने के निर्देश दिए, ताकि सौंदर्य और एकरूपता बनी रहे।

इस दौरान शहर के नालों का पानी किसानों के खेतों में भरने की शिकायत मिलने पर आयुक्त मौके पर पहुंचे और समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।

निर्माण कार्यों की समीक्षा के तहत उन्होंने मोहारा पुलिया के पास निर्माणाधीन एसटीपी का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। प्लींथ लेवल तक हुए निर्माण कार्य को देखते हुए उन्होंने कहा कि शहर के गंदे पानी को उपचारित कर उपयोग में लाने के उद्देश्य से 26 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाकर समय-सीमा में परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने मोहारा एनीकट का भी निरीक्षण कर रॉ-वॉटर की उपलब्धता की जानकारी ली। उप अभियंता श्री युवराज कोमरे ने बताया कि वर्तमान में एनीकट में लगभग 3 फीट पानी कम हो गया है। जलस्तर सामान्य बनाए रखने के लिए मटिया मोती जलाशय और मोगरा बैराज से लगातार पानी लिया जा रहा है, ताकि शहर में जलापूर्ति प्रभावित न हो।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *