महापौर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर दिए तेजी और गुणवत्ता के निर्देश

महापौर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर दिए तेजी और गुणवत्ता के निर्देश

छत्तीसगढ़ राजनांदगांव

23 मई। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने आज निगम कार्यालय में आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा एवं लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य श्री सावन वर्मा की उपस्थिति में तकनीकी अधिकारियों की बैठक लेकर शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की वार्डवार समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने, योजनाओं को प्राथमिकता देने तथा चलित कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में महापौर श्री यादव ने उप अभियंताओं से वार्डवार निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने और प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सांसद निधि, विधायक निधि, महापौर निधि एवं पार्षद निधि से स्वीकृत कार्यों को तत्काल शुरू कराने पर जोर दिया। अधोसंरचना एवं पर्यावरण मद के लंबित कार्यों के कार्यादेश शीघ्र जारी करने तथा सभी अभियंताओं को अपने प्रभारित वार्डों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

महापौर ने डामरीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को बारिश से पहले गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने कहा। आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो ठेकेदार कार्य शुरू नहीं कर रहे हैं या बीच में बंद कर चुके हैं, उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में नालंदा परिसर निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण एवं मरम्मत, सामुदायिक भवन, नाला-नाली निर्माण तथा सीमेंटीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। महापौर ने निर्देश दिए कि नाला-नाली निर्माण कार्य बारिश पूर्व पूर्ण किए जाएं ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। वहीं सीमेंटीकरण के कार्य ग्रीष्म ऋतु के बाद कराने को कहा गया।

धार्मिक न्यास से संबंधित मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर ने स्वीकृत मंदिरों में शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने तथा नए प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके अलावा ऑडिटोरियम मरम्मत, ट्रांसपोर्ट नगर जीर्णोद्धार और स्वागत द्वार निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने कहा।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने पाइपलाइन एवं इंटरकनेक्शन के स्वीकृत कार्य जल्द प्रारंभ कराने तथा चलित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित क्षेत्रों में पानी की समस्या दूर हो सके। साथ ही पेयजल संबंधी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खाण्डे, कार्यपालन अभियंता (संविदा) श्री यू.के. रामटेके, प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्री प्रणय मेश्राम, प्रभारी सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा, सुश्री सुषमा साहू सहित उप अभियंतागण एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *