मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

मुख्यमंत्री रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने श्री अग्रवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में योग आयोग प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा और योग को गांव-गांव, विद्यालयों तथा समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज 176 से अधिक देशों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, जो भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा के सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आयुष मंत्रालय का गठन कर योग और आयुर्वेद को नई दिशा दी है। साथ ही छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना का आग्रह भी केंद्र सरकार से किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य का लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध है, जिससे भविष्य में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, योग साधक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य बिंदु:
औषधीय वनस्पतियों के आधार पर वेलनेस पर्यटन विकसित करने की योजना।
योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का मुख्यमंत्री का आह्वान।
संजय अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष का पदभार संभाला।
योग को गांव-गांव और विद्यालयों तक पहुंचाने पर जोर।
छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना के लिए केंद्र से आग्रह।

