रामगढ़ महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणाएं, रामगढ़ विकास के लिए 1 करोड़ और नई नगर पंचायत का ऐलान

रामगढ़ महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणाएं, रामगढ़ विकास के लिए 1 करोड़ और नई नगर पंचायत का ऐलान

छत्तीसगढ़ बलरामपुर-रामानुजगंज सरगुजा

रामगढ़/सरगुजा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रामगढ़ महोत्सव के समापन समारोह में कहा कि जनश्रुतियों के अनुसार त्रेतायुग में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने वनवास के दौरान रामगढ़ क्षेत्र में समय व्यतीत किया था। उन्होंने कहा कि सीताबेंगरा गुफा आज भी श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा रामगढ़ की शिलाओं और हवाओं में रामायण की स्मृतियां आज भी जीवंत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीताबेंगरा गुफा भारत की सबसे प्राचीन नाट्यशालाओं में से एक मानी जाती है, जबकि जोगीमारा गुफा अपनी प्राचीन भित्तिचित्र कला के लिए विश्वविख्यात है। उन्होंने बताया कि हाथीपोल जैसी प्राकृतिक शैल संरचनाएं और प्राचीन शिल्प इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रमाण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महाकवि कालिदास द्वारा मेघदूतम् की रचना इसी क्षेत्र में किए जाने का उल्लेख मिलता है, जिससे रामगढ़ का साहित्यिक महत्व और बढ़ जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रामगढ़, सीताबेंगरा और जोगीमारा जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्यटकों की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और रामगढ़ महोत्सव का आयोजन हर वर्ष इसी भव्यता के साथ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में सरगुजा जिले में 2,387 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा प्रतिदिन लगभग 1,600 आवास बनकर तैयार हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। पुनर्वासित नक्सलियों और विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को भी आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है तथा 13 लाख किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस दिया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अब तक 49 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं, जबकि तीर्थयात्रा दर्शन योजना में देश के 19 प्रमुख तीर्थस्थलों को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए विभिन्न विभागों में लगातार भर्ती प्रक्रिया चल रही है तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

प्रमुख घोषणाएं

  • रामगढ़ के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा।
  • उदयपुर और डूमरडीह को मिलाकर नई नगर पंचायत के गठन की घोषणा।

पहाड़ी कोरवा बच्चों का शाला प्रवेश

मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के छह बच्चों का शाला प्रवेश कराया। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और स्कूल बैग, वॉटर बॉटल सहित अध्ययन सामग्री भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स का सम्मान

मुख्यमंत्री ने 26 से 30 जून के बीच सरगुजा के पर्यटन स्थलों पर डॉक्यूमेंट्री तैयार करने वाले टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, शकुंतला पोर्ते, उद्देश्वरी पैंकरा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *