85 गरीब परिवारों को बेघर करने का लगाया आरोप, पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का ऐलान

रायपुर। रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पप्पू राजन बंजारे के नेतृत्व में धरसीवा विधानसभा के विभिन्न मंडलों ने ग्राम नकटी में कथित बुलडोज़र कार्रवाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। पुराना विधानसभा ओवरब्रिज के नीचे जोरामंडल कांग्रेस कमेटी द्वारा भाजपा सरकार और धरसीवा विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और धरसीवा विधायक की कार्रवाई से 85 गरीब परिवारों के घर उजाड़ दिए गए, जिससे वे बेघर हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को गरीब और जनविरोधी बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे पीड़ित परिवारों के संघर्ष के साथ खड़े हैं और उन्हें हर संभव समर्थन देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है और जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गरीबों का आशियाना उजाड़ने जैसी कार्रवाई को कांग्रेस पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि गरीब, शोषित और वंचित परिवारों के अधिकारों की रक्षा के लिए वह सड़क से लेकर सदन तक हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

