फर्जी टैक्स वसूली पर लगेगी रोक, निगम ने जारी किए पहचान पत्र

फर्जी टैक्स वसूली पर लगेगी रोक, निगम ने जारी किए पहचान पत्र

छत्तीसगढ़ दुर्ग

/ 22 मई। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा करदाताओं के हितों की सुरक्षा तथा फर्जी टैक्स वसूली की शिकायतों पर रोक लगाने के उद्देश्य से राजस्व विभाग में कार्यरत सहायक राजस्व निरीक्षकों को आधिकारिक पहचान पत्र जारी किए गए हैं। निगम प्रशासन की इस पहल से अब करदाता अधिकृत कर्मचारियों की आसानी से पहचान कर सकेंगे और टैक्स वसूली के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

इस संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने बताया कि कर संग्रहण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा नियुक्त अधिकृत कर्मचारी ही टैक्स संग्रहण कार्य करेंगे तथा सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र जारी कर दिए गए हैं।

बैठक में राजस्व अधिकारी आर.के. बोरकर सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि टैक्स भुगतान करने से पहले संबंधित कर्मचारी का पहचान पत्र अवश्य देखें और सत्यापन के बाद ही राशि जमा करें।

आयुक्त सुमित अग्रवाल ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना पहचान पत्र के टैक्स राशि की मांग करता है, तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित वार्ड पार्षद अथवा नगर निगम कार्यालय से सत्यापित करें। मामला फर्जी पाए जाने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई है, ताकि दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा, पारदर्शी कर व्यवस्था और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।

इसके साथ ही निगम प्रशासन ने शहर के सभी करदाताओं से अधिक से अधिक ऑनलाइन माध्यम से कर भुगतान करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि ऑनलाइन भुगतान से समय की बचत होती है, पारदर्शिता बनी रहती है और नागरिकों को निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से नागरिक घर बैठे सुरक्षित तरीके से कर भुगतान कर सकते हैं।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *