महाराष्ट्र मंडल के सम्मान समारोह में युवा डॉक्टरों और सीए का किया सम्मान, एंबुलेंस का भी लोकार्पण
रायपुर, 04 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) दोनों ही समाज के विकास और प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। डॉक्टर जहां मानव जीवन की रक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हैं, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट उद्योग, व्यापार और व्यवसाय को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
राज्यपाल शनिवार को रायपुर में आयोजित महाराष्ट्र मंडल के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने युवा डॉक्टरों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान किया तथा लोक भवन की ओर से महाराष्ट्र मंडल को प्रदत्त एंबुलेंस का लोकार्पण भी किया।
राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च दायित्व है। मरीज डॉक्टर को भगवान का स्वरूप मानता है, इसलिए चिकित्सकों को सेवा भावना, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों से आधुनिक तकनीक और जांच रिपोर्टों के साथ-साथ मरीज का प्रत्यक्ष परीक्षण और आत्मीय संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्ग मरीजों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण और मानवीय व्यवहार अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि चिकित्सा विज्ञान में हुई अभूतपूर्व प्रगति मानव की बुद्धिमत्ता, अनुसंधान और निरंतर नवाचार का परिणाम है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका पर राज्यपाल ने कहा कि आज उनका कार्य केवल लेखा-जोखा तक सीमित नहीं है। वे व्यवसायियों के मार्गदर्शक और मेंटर के रूप में स्टार्टअप, व्यवसाय विस्तार और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से पारिवारिक व्यवसाय को नई सोच, नवाचार और उचित मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने स्वागत भाषण दिया। समारोह में महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा तथा बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

