प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ निगम की कार्रवाई, जय स्तंभ चौक में चला अभियान

छत्तीसगढ़ राजनांदगांव

राजनांदगांव 2 मई। सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी बनाने नगर निगम की टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में निगम के स्वास्थ्य अमले ने जय स्तंभ चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 11 दुकानों और ठेला-खोमचा संचालकों पर कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 2 किलो प्रतिबंधित पॉलीथीन जब्त कर 1 हजार 600 रुपये जुर्माना वसूला गया।

नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण और मानव सहित पशु-पक्षियों को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान से बचाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार निगम की टीम प्रतिबंधित प्लास्टिक के विक्रय और उपयोग के खिलाफ समझाइश देने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी कर रही है।

अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और विक्रय पर रोक लगाने स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। समझाइश के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है।

अभियान के दौरान जय स्तंभ चौक स्थित फल दुकानों, ठेलों और गन्ना रस दुकानों में दबिश देकर कार्रवाई की गई। गन्ना रस विक्रेताओं को प्लास्टिक डिस्पोजेबल ग्लास का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई, क्योंकि इससे स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता है। इसके अलावा दुकानदारों को डस्टबिन का उपयोग करने और कचरा इधर-उधर नहीं फैलाने की समझाइश भी दी गई।

आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की। साथ ही नागरिकों से घर से निकलते समय कपड़े का थैला उपयोग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *