
राजनांदगांव, 2025 – रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी, राजनांदगांव में पूर्व सांसद माननीय अभिषेक सिंह द्वारा थंगेश्वर कुमार साहू (व्याख्याता) को सत्र 2025-26 के राज्यपाल पुरस्कार के लिए चयनित होने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कॉलोनी के पार्षद डूरेंद्र साहू, अध्यक्ष नरेश साहू, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति लब्ध कवि पद्मलोचन शर्मा मुंहफट, श्रीमती गायत्री शर्मा और कॉलोनी के समस्त निवासी उपस्थित रहे।
शिक्षा में विशेष योगदान
थंगेश्वर कुमार साहू बच्चों की पढ़ाई के प्रति विशेष समर्पित हैं। वे छुट्टी के बाद भी अतिरिक्त समय देकर छात्रों को पढ़ाते हैं और कमजोर तथा मेधावी छात्रों के लिए अलग-अलग स्तर पर कक्षाएं संचालित करते हैं। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप उनके विषयों में बोर्ड परीक्षा का परिणाम हमेशा शत प्रतिशत रहा है।
वे नवाचारात्मक शिक्षण विधियों जैसे गीत, कविता, चित्र, वास्तविक सामग्री और प्रोजेक्टर का उपयोग कर बच्चों को सरल और प्रभावी ढंग से पढ़ाते हैं। उन्होंने शाला त्यागी को शून्य करने के लिए गांव-गांव जाकर पालकों को जागरूक किया, कोटवार, सरपंच, पंच और SMDC सदस्यों को शामिल कर विशेष अभियान चलाया।
पर्यावरण एवं सामाजिक कार्य
थंगेश्वर कुमार साहू विद्यालय और ग्राम स्तर पर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और वृक्षारोपण में भी सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के मार्गदर्शन में पर्यावरण एवं वृक्षारोपण पर एक बड़े स्तर पर कार्यशाला आयोजित की। वे यूथ एवं इको क्लब के प्रभारी भी हैं। इसके अतिरिक्त, वे गरीब बच्चों की आर्थिक सहायता भी प्रदान करते हैं।
साहित्य एवं सम्मान
वे एक साहित्यकार, कवि और लेखक भी हैं। उनकी रचनाएं अखबारों में प्रकाशित होती रहती हैं और काव्य पाठ में उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। उनके परिवार में पिता स्व. चुनु राम साहू और चाचा टीकम लाल साहू को भी शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रपति और राज्यपाल पुरस्कार मिल चुका है।
इस सम्मान पर उनके परिवार, स्कूल स्टाफ, SMDC सदस्य, कॉलोनी निवासी और साहित्यिक समूहों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।